अमर भगत
पाकुड़। पचुवाड़ा नॉर्थ कोल ब्लॉक क्षेत्र के सिंगदेहरी और धमनीचुआं मौजा के ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने एसआईए और आर एंड आर पॉलिसी को धरातल पर लागू करने के साथ पेयजल, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि कोल प्रबंधन द्वारा उन्हें लंबे समय से जरूरी सुविधाओं से वंचित रखा गया है। डब्ल्यूबीपीडीसीएल और बीजीआर प्रबंधन से कई बार वार्ता के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हो सका, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही थी। ग्रामीण प्रतिनिधि राइसिन टुडू ने बताया कि अपनी मांगों को लेकर 4 जुलाई से नॉर्थ कोल ब्लॉक क्षेत्र में अनिश्चितकालीन चक्का जाम करने का निर्णय लिया गया था। लेकिन उपायुक्त ने ग्रामीणों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए जुलाई के दूसरे सप्ताह तक सकारात्मक पहल का भरोसा दिया है। इसके बाद फिलहाल आंदोलन को स्थगित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि तय समय सीमा के बाद भी अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आगे की रणनीति तय करेंगे। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी 4 मई को उपायुक्त को आवेदन देकर समस्याओं के समाधान की मांग की गई थी। इस दौरान राइसिन टुडू, रघु टुडू, बबलू टुडू, जेठा हांसदा, सुनील किस्कू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





