मासिक अपराध समीक्षा बैठक में गश्त बढ़ाने, चोरी रोकने, लंबित कांडों के निष्पादन और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी का आदेश।
पाकुड़/महेशपुर। आगामी रथ मेला एवं रथ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शनिवार को महेशपुर एवं पाकुड़ अनुमंडल में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में संबंधित एसडीपीओ ने सभी थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने, अपराध नियंत्रण तेज करने और लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।
बैठक में रथ मेला की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी मेला स्थलों, रथ यात्रा मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने का निर्देश दिया गया। महेशपुर के राजबाड़ी एवं हथियापाड़ा में आयोजित होने वाली रथ यात्रा को लेकर विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने को कहा गया। वहीं असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। अपराध समीक्षा के दौरान चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने, स्थानीय खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने, फेरी लगाने वाले एवं कबाड़ बीनने वाले लोगों का सत्यापन कराने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया गया। साथ ही लंबित कांडों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन, अनुसंधान में तेजी लाने तथा नशे और अन्य अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
एसडीपीओ ने कहा कि रथ मेला आस्था और श्रद्धा का बड़ा पर्व है। इसे पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।












