पाकुड़ जिले भर में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य जिला स्तरीय समारोह रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने परेड का निरीक्षण कर तिरंगा फहराया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी।इस अवसर पर डीसी ने स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों और राष्ट्र निर्माताओं को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं। विभिन्न टुकड़ियों के आकर्षक परेड के बाद जिले में उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण दिखाने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को डीसी, एसपी व डीएफओ द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य: उपायुक्त
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें वीरों के बलिदान की याद दिलाता है। जिले का समग्र विकास, जनकल्याण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जिलेवासियों से विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

सुरक्षा व शांति व्यवस्था के लिए पुलिस प्रतिबद्ध: एसपी
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की एकता और अखंडता के प्रति हमारे कर्तव्यों की याद दिलाता है। जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने जनता से आपसी सौहार्द बनाए रखने और पुलिस-प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का आह्वान किया।

सरकारी कार्यालयों व संस्थानों में भी फहराया तिरंगा
मुख्य समारोह के अतिरिक्त उपायुक्त ने अपने आवासीय कार्यालय और समाहरणालय परिसर में ध्वजारोहण किया। वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी ने एसडीओ कार्यालय तथा जिला परिषद अध्यक्ष ने जिप परिसर में झंडोत्तोलन किया। जिले के अन्य सभी सरकारी-निजी कार्यालयों, संस्थानों और विद्यालयों में भी पूरी गरिमा के साथ तिरंगा फहराया गया।














