Search

September 8, 2026 9:04 pm

भुगतान अटका तो संवेदकों का बढ़ा संकट, एक सप्ताह का अल्टीमेटम।

जिला परिषद उपाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यपालक अभियंता से मिले संवेदक, बोले- मजदूरी से लेकर निर्माण सामग्री तक का भुगतान अटका।

पाकुड़। जिले में विभिन्न विकास योजनाओं का काम पूरा कराने के बाद भी भुगतान नहीं होने से संवेदकों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। लंबित भुगतान की समस्या को लेकर जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक भगत के नेतृत्व में संवेदकों का शिष्टमंडल मंगलवार को कार्यपालक अभियंता से मिला। संवेदकों ने अपनी समस्याएं रखते हुए जल्द बकाया भुगतान कराने की मांग की।

मार्च से भुगतान लंबित होने का दावा।

जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक भगत ने बताया कि ग्रामीण कार्य विभाग (आरईओ), पथ निर्माण विभाग (आरसीडी), भवन निर्माण विभाग (बीसीडी) और पीडब्ल्यूडी समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं में संवेदकों ने काम पूरा कराया है। उनका दावा है कि मार्च माह के बाद से कई संवेदकों को किए गए कार्यों का भुगतान नहीं मिला है।

मजदूरी और सामग्री का बकाया चुकाना मुश्किल

भुगतान नहीं मिलने से संवेदकों के सामने मजदूरों की मजदूरी, सीमेंट, ईंट, गिट्टी और परिवहन समेत अन्य खर्चों का बकाया चुकाने की परेशानी खड़ी हो गई है। संवेदकों का कहना है कि लंबे समय तक भुगतान अटके रहने से उनकी कार्यशील पूंजी प्रभावित हो रही है। इसका असर आगे के विकास कार्यों पर भी पड़ने की आशंका है।

एक सप्ताह का समय, नहीं तो डीसी से करेंगे शिकायत

संवेदकों ने कार्यपालक अभियंता से एक सप्ताह के भीतर लंबित भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की। उपाध्यक्ष के अनुसार, विभागीय अधिकारियों ने भी भुगतान प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है। उपाध्यक्ष अशोक भगत ने कहा कि निर्धारित समय में भुगतान नहीं हुआ तो संवेदक बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे। इसके बाद सामूहिक रूप से उपायुक्त के समक्ष अपनी समस्या रखकर लंबित भुगतान कराने की मांग की जाएगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!