जेएसएलपीएस की वार्षिक सभा में महिला सशक्तिकरण पर जोर, फुटबॉल व भैंसा लड़ाई प्रतियोगिता में प्रतिभाओं का बढ़ाया हौसला
पाकुड़िया। जिला परिषद अध्यक्ष जूली ख्रिष्टमणि हेम्ब्रम ने शनिवार को पाकुड़िया प्रखंड में आयोजित दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होकर महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से लेकर ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया। राजपोखर संकुल संगठन में आयोजित जेएसएलपीएस की वार्षिक साधारण सभा में उन्होंने महिलाओं की आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। वहीं छोटा उदलबनी पहाड़ी क्षेत्र में आयोजित फुटबॉल एवं भैंसा लड़ाई प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
राजपोखर में आयोजित सभा में संकुल संगठन की सदस्याओं ने सक्रिय भागीदारी की। बैठक में पिछले वर्ष के कार्यों, वित्तीय प्रगति, आजीविका गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई। वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट एवं वार्षिक प्रगति चार्ट के माध्यम से प्रस्तुत की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाली सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। जूली हेम्ब्रम ने महिलाओं की भूमिका की सराहना करते हुए आजीविका के नए अवसरों से जुड़ने का आह्वान किया।
बीपीएम बासुदेव कुमार साहा ने आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि वीपीआरपी के माध्यम से वार्षिक योजना तैयार की जाएगी। उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती, सामूहिक स्तर पर आधारभूत संरचना, गैर-कृषि उद्यम और प्रत्येक परिवार को कम से कम तीन आजीविका गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके बाद जूली हेम्ब्रम छोटा उदलबनी में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल एवं भैंसा लड़ाई प्रतियोगिता में पहुंचीं। फुटबॉल प्रतियोगिता में तेतुलिया की टीम ने प्रथम और बलिया की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। भैंसा लड़ाई प्रतियोगिता में भी विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। दुर्गापुर निवासी सुनील हांसदा के भैंसे ने द्वितीय पुरस्कार हासिल किया, जिसके लिए उन्हें 5 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि खुर्शीद आलम, मुखिया सलोमी बेसरा, जेएसएलपीएस डीएम आशीष कुमार, बीपीएम बासुदेव कुमार साहा, संकुल संगठन की अध्यक्ष मार्शिला हांसदा, सचिव सबिता टुडू, कोषाध्यक्ष मोमिना खातून सहित क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।



Related Posts

रामगढ़ व्यवहार न्यायालय परिसर में G+3 जिला अधिवक्ता संघ भवन का भव्य शिलान्यास, झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने विधिवत शिलापट्ट का अनावरण कर रखी आधारशिला






