अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, दुकानदारों को 24 घंटे की मोहलत।
हिरणपुर (पाकुड़)। सड़क पर सामान रखकर रास्ता घेरने और मनमाने ढंग से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ शनिवार को प्रशासन ने सख्ती दिखाई। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी और थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में हिरणपुर बाजार में विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई से अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों और सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। सुभाष चंद्र बोस चौक, गली नंबर-1 व 2, थाना चौक समेत प्रमुख मार्गों पर जांच के दौरान सड़क किनारे खड़े वाहनों और दुकानों के बाहर रखे सामान को हटाने की हिदायत दी गई। दुकानदारों और गैराज संचालकों को 24 घंटे के भीतर टेबल, कुर्सी, प्लास्टिक टेंट, बांस-बल्लियां और अन्य सामान हटाने का निर्देश दिया गया। चेतावनी दी गई कि इसके बाद सामान जब्त करने के साथ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बिना नंबर प्लेट वाले टोटो-ऑटो भी निशाने पर
वाहन जांच के दौरान बिना निर्धारित नंबर प्लेट के चल रहे वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक वाहन में आगे और पीछे नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य है। टोटो और ऑटो पर भी यह नियम लागू है। अभियान के दौरान करीब 10-12 टोटो, दो टेंपो और दो पिकअप वाहन जब्त किए गए। नियमों के उल्लंघन पर कुल 21,500 रुपए का जुर्माना वसूला गया। जुर्माना जमा करने के बाद वाहनों को मुक्त करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
जाम के साथ हादसे का भी खतरा
जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी ने कहा कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग और खराब वाहनों को खड़ा करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। इससे जाम की स्थिति बनने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बढ़ता है। उन्होंने दुकानदारों, गैराज संचालकों और वाहन चालकों से सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की।डीटीओ ने कहा कि सुरक्षित और सुगम यातायात के लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी है। सड़क सुरक्षा और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Related Posts

रामगढ़ व्यवहार न्यायालय परिसर में G+3 जिला अधिवक्ता संघ भवन का भव्य शिलान्यास, झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने विधिवत शिलापट्ट का अनावरण कर रखी आधारशिला






