Search

September 28, 2026 9:46 pm

एसआईआर में पात्र मतदाता न छूटे, अपात्र का नाम भी नहीं जुड़े : संजीव कुमार प्रसाद।

निर्धारित समय-सीमा में सुनवाई और सत्यापन पूरा करने का निर्देश, दस्तावेजों की जांच में बरतें विशेष सावधानी।

पाकुड़। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में भारत निर्वाचन आयोग के सचिव संजीव कुमार प्रसाद की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और किसी अपात्र का नाम शामिल नहीं हो। सचिव ने पुनरीक्षण एवं सुनवाई की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा दस्तावेजों की जांच पूरी सतर्कता से करने को कहा। उन्होंने गलत या संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन नहीं करने की हिदायत दी। सुनवाई के दौरान ईआरओ व एईआरओ की ओर से बताई गई व्यावहारिक समस्याओं का भी उन्होंने समाधान करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्धारित 11 दस्तावेजों में से कम-से-कम एक वैध दस्तावेज उपलब्ध होना आवश्यक है। अधिकारियों को मामलों का नियमानुसार निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन होगा। उन्होंने अधिकारियों को सरल एवं स्पष्ट मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा संदेह वाले मामलों को अलग से चिह्नित कर मार्गदर्शन लेने का निर्देश दिया। बैठक में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!