मुफ्त ट्रेनिंग और कमीशन का झांसा देकर कंप्यूटर सेंटर संचालक को लगाया चूना, दो साल बाद फिर पहुंचा तो खुला मामला
पाकुड़। स्किल इंडिया ट्रेनिंग सेंटर और फर्जी संस्था आईसीवीटी के नाम पर कंप्यूटर सेंटर संचालक से 2.37 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित आईटी प्वाइंट इंस्टीट्यूट के संचालक रोहन कुमार गुप्ता की शिकायत पर नगर थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी राम गोपाल त्रिपाठी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने मुफ्त कंप्यूटर प्रशिक्षण और प्रत्येक छात्र पर 1,500 रुपये कमीशन दिलाने का भरोसा देकर संचालक को लोन लेने के लिए तैयार किया। इसके बाद 2,37,300 रुपये की राशि ठगी गई। बाद में संबंधित दस्तावेज फर्जी पाए गए। पीड़ित के मुताबिक, करीब दो साल बाद 26 सितंबर को आरोपी अचानक पाकुड़ स्थित सेंटर पहुंचा। इस दौरान विवाद और हंगामे के बीच उस पर कांच के टुकड़े से हमला करने की कोशिश तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी तलाशी ली, जिसमें पांच अलग-अलग सिम कार्ड और मोबाइल मिलने की बात कही गई है। घटना का वीडियो भी परिजनों द्वारा बनाए जाने की जानकारी दी गई है। शिकायत मिलते ही नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






