Search

October 28, 2026 11:32 pm

पाकुड़ में संगठन विस्तार की तैयारी तेज, राजद को 30 दिनों में सौंपनी होगी प्रखंड से बूथ स्तर तक की रिपोर्ट

रांची में प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक, जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया को संगठनात्मक कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश।

पाकुड़।।झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने संगठन को प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में पहल तेज कर दी है। इसके तहत पाकुड़ जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को व्यवस्थित करने और कमेटियों का विवरण तैयार करने के लिए 30 दिनों की समयसीमा निर्धारित की गई है। बुधवार को रांची स्थित राजद प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सह हुसैनाबाद विधायक संजय सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राज्य के सभी 24 जिलों के जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में पाकुड़ जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया के साथ जिला प्रभारी अशोक मांझी, सह प्रभारी मुकेश यादव और जिला प्रधान महासचिव विवेक मालतो भी शामिल हुए। प्रदेश नेतृत्व ने पाकुड़ जिले के सभी प्रखंडों में बैठक आयोजित कर प्रखंड अध्यक्षों के आवश्यक दस्तावेज जुटाने, पंचायत अध्यक्षों की सूची तैयार करने और प्रत्येक बूथ पर कमेटी गठित करने का निर्देश दिया।
निर्देश के अनुसार, प्रखंड अध्यक्षों का फोटो, आधार कार्ड सहित जरूरी विवरण एकत्र कर रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। पंचायत अध्यक्षों की सूची भी तैयार की जाएगी। इन विवरणों को जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारी के संयुक्त हस्ताक्षर से अनुमोदित कराने के बाद प्रदेश कार्यालय में जमा करना होगा। सभी कार्यों को 30 दिनों के भीतर पूरा करने की जिम्मेदारी जिला संगठन को दी गई है।

संगठनात्मक ढांचे का रिकॉर्ड होगा तैयार।

बैठक में तय व्यवस्था के तहत तैयार रजिस्टर प्रदेश कार्यालय, रांची में जमा किया जाएगा। इसके बाद इसे राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के पटना स्थित कार्यालय तक पहुंचाया जाएगा। इस प्रक्रिया के माध्यम से पार्टी की प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर की संगठनात्मक संरचना का रिकॉर्ड तैयार किया जाना है। निर्धारित समयसीमा के कारण अब पाकुड़ जिला संगठन के सामने सूची तैयार करने और बूथ कमेटियों के गठन का काम समय पर पूरा करने की चुनौती होगी।

बैठक से पहले प्रदेश अध्यक्ष से मिले महावीर मड़ैया।

बैठक शुरू होने से पहले पाकुड़ जिला अध्यक्ष महावीर मड़ैया ने प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव से औपचारिक मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने जिला प्रभारी अशोक मांझी, सह प्रभारी मुकेश यादव और प्रधान महासचिव विवेक मालतो के साथ बैठक में भाग लिया। प्रदेश नेतृत्व से मिले निर्देशों के बाद जिले में संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी जिला नेतृत्व पर होगी।।बैठक में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सह प्रदेश प्रधान महासचिव सत्यानंद भोक्ता, विधायक नरेश सिंह, विधायक दल के नेता सह देवघर विधायक सुरेश पासवान, प्रदेश उपाध्यक्ष गिरधारी गोप और अनीता यादव, युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंजरंजन यादव, पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील साहू तथा आदिवासी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बाबूराम हसदा सहित राज्यभर के जिला अध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।

IMG 20261028 WA0027

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!