Search

November 10, 2026 3:22 am

चार किलोमीटर तक कंधों पर ढोई गई जिंदगी, मासधारी में खटिया बनी एंबुलेंस; विकास के दावों को ग्रामीणों ने दिखाया आईना

प्रसव पीड़ा से तड़पती गर्भवती को नहीं मिली एंबुलेंस, सड़क के अभाव में ग्रामीणों ने उठाया खटिया; आखिर कब टूटेगी प्रशासन की नींद?

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। विकास की बड़ी-बड़ी बातें और जमीनी हकीकत का फासला कितना गहरा है, इसकी तस्वीर पाकुड़ के मासधारी गांव में देखने को मिली। यहां प्रसव पीड़ा से कराहती 25 वर्षीय गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को करीब चार किलोमीटर तक कंधों पर खटिया उठाकर चलना पड़ा। गांव तक सड़क नहीं है और आपात स्थिति में एंबुलेंस भी नहीं पहुंच सकी। नतीजा, जिस काम के लिए सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था होनी चाहिए, वह जिम्मेदारी ग्रामीणों को अपने कंधों पर उठानी पड़ी।
लिट्टीपाड़ा प्रखंड के मासधारी गांव निवासी पीरका पहाड़िया की पत्नी बागी पहाड़िन को गुरुवार को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। महिला की हालत बिगड़ती देख परिजनों ने अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन सड़क के अभाव में एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। आखिरकार ग्रामीणों ने खटिया को एंबुलेंस बनाया और महिला को उस पर लिटाकर लगभग चार किलोमीटर पैदल मुख्य सड़क तक पहुंचे। इसके बाद अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई।

यहां मरीज को अस्पताल नहीं, पहले सड़क तक पहुंचाना पड़ता है।

ग्राम प्रधान बैदा पहाड़िया के अनुसार, गांव से मुख्य सड़क की दूरी करीब चार किलोमीटर है। सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को हर आपात स्थिति में इसी तरह संघर्ष करना पड़ता है। गर्भवती महिला हो, बुजुर्ग हो या कोई गंभीर मरीज, खटिया पर लादकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना मजबूरी बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जरूरत के समय एंबुलेंस की सुविधा भी आसानी से नहीं मिल पाती। ऐसे में इलाज मिलने से पहले ही मरीज और परिजनों को कठिन रास्ते से गुजरना पड़ता है।

चांद पर पहुंचा देश, गांव में आज भी खटिया ही एंबुलेंस।

एक तरफ भारत चांद तक पहुंच चुका है और डिजिटल इंडिया के जरिए आधुनिक विकास की तस्वीर पेश कर रहा है, दूसरी तरफ मासधारी में एक गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए चार किलोमीटर तक इंसानी कंधों का सहारा लेना पड़ रहा है। सवाल है कि विकास की योजनाओं का लाभ आखिर इन ग्रामीणों तक कब पहुंचेगा? क्या सड़क और एंबुलेंस जैसी बुनियादी सुविधाएं भी अब किसी बड़ी घटना के बाद ही उपलब्ध कराई जाएंगी?

ग्रामीणों की गुहार, अब तो सड़क बनवा दीजिए।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मासधारी गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क के अभाव में हर दिन परेशानी होती है, लेकिन आपात स्थिति में यह समस्या जिंदगी और मौत का सवाल बन जाती है।अब प्रशासन को तय करना है कि मासधारी के लोगों को बुनियादी सुविधा कब मिलेगी। आखिर कब तक ग्रामीण खटिया को एंबुलेंस बनाकर मरीजों की जिंदगी बचाने की कोशिश करते रहेंगे? विकास का असली पैमाना दावों और आंकड़ों से नहीं, बल्कि इस बात से तय होगा कि संकट के समय गांव के एक आम इंसान तक सड़क, एंबुलेंस और इलाज पहुंचता है या नहीं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!