Search

November 12, 2026 12:15 am

राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में पाकुड़ का मान बढ़ाएंगे शुभोजित मंडल

सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (राज प्लस टू) के छात्र शुभोजित को रांची में सम्मानित करेंगे मुख्यमंत्री

इंटरमीडिएट कॉमर्स में 91.2 प्रतिशत अंक लाकर बने थे जिला टॉपर

15 नवंबर को स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह में मिलेगा सम्मान

पाकुड़ जिले के होनहार छात्र शुभोजित मंडल ने पूरे राज्य में पाकुड़ का नाम रोशन किया है। राज्य सरकार द्वारा आगामी 15 नवंबर को रांची में आयोजित होने वाले भव्य राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री उन्हें सम्मानित करेंगे। शुभोजित जिला सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (राज प्लस टू उच्च विद्यालय, पाकुड़) के छात्र हैं और उन्होंने इंटरमीडिएट कॉमर्स परीक्षा-2026 में 91.2 प्रतिशत अंक लाकर पाकुड़ जिला में टॉप किया था, साथ ही राज्य स्तर पर उत्कृष्ट विद्यालयों (CM SoE) की सूची में द्वितीय स्थान हासिल किया है। श्याम नगर, पाकुड़ निवासी तपन मंडल के सुपुत्र शुभोजित की इस उपलब्धि से पूरे परिवार सहित जिले में खुशी का माहौल है। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् (JEPC) द्वारा जारी पत्र के अनुसार, राज्य के सभी 80 उत्कृष्ट विद्यालयों (CM SoE) तथा विभिन्न बोर्डों के शीर्ष मेधावियों को इस सम्मान समारोह में पुरस्कृत किया जाना तय हुआ है।

शिक्षा विभाग कराएगा सुरक्षित यात्रा

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन द्वारा जारी निर्देश के तहत जिला शिक्षा पदाधिकारी को शुभोजित को ससम्मान समारोह में आमंत्रित करने और रांची ले जाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। छात्र के साथ यदि आवश्यकता हो तो अभिभावक भी समारोह में भाग ले सकेंगे। छात्र के आने-जाने, भोजन और आवासन की पूरी व्यवस्था जिला शिक्षा विभाग द्वारा की जाएगी।

परिजनों व शिक्षकों ने जताई खुशी

शुभोजित की इस उपलब्धि पर उनके पिता तपन मंडल और स्कूल के शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त किया है। शिक्षकों का कहना है कि शुभोजित शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी और अनुशासित रहे हैं। उन्होंने अपनी लगन और मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। 15 नवंबर को स्थापना दिवस के अवसर पर जब मुख्यमंत्री के हाथों उन्हें प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार मिलेगा, तो यह पूरे पाकुड़ जिले के लिए गौरव का क्षण होगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!