पाकुड़ शहर के ब्याहुत धर्मशाला में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इसमें भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी, भाजपा जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू तथा भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव सह झारखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता डॉ. मिसफिका हसन मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। नेताओं ने 11 से 18 नवंबर तक मनाए जा रहे जनजातीय गौरव सप्ताह और 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।
जनजातीय समाज के उत्थान के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध : दुर्गा मरांडी
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में देश भर के 339 जनजातीय जिलों में जनजातीय गौरव दिवस और गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, बाबा तिलका मांझी, सिदो-कान्हू और चांद-भैरव जैसे महापुरुषों ने जल, जंगल, जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए बलिदान दिया। मरांडी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग जनजातीय मंत्रालय का गठन किया और संथाली भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल किया। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज से आने वाली द्रौपदी मुर्मू को देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद पर आसीन किया गया और 728 एकलव्य आवासीय विद्यालयों की स्थापना की गई। उन्होंने विपक्ष पर आदिवासी समाज को केवल वोट बैंक समझने और आरक्षण व संविधान बदलने का भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
प्रत्येक मंडल में प्रतिमा पर होगा माल्यार्पण : सरिता मुर्मू
भाजपा जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर पाकुड़ जिले के प्रत्येक मंडल में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के विकास के लिए कार्य कर रही है और यह अभियान जनजातीय महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
निशा भगत प्रकरण और महिला सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार पर हमला
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेताओं ने झारखंड की नेत्री निशा भगत की मौत के मामले को लेकर राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। दुर्गा मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार और भू-माफिया का बोलबाला है तथा भाजपा के लगातार आंदोलन के दबाव में आकर सरकार को सीबीआई जांच की अनुशंसा करनी पड़ी।
वहीं, डॉ. मिसफिका हसन ने कहा कि 15 नवंबर को बिरसा मुंडा सहित चांद-भैरव, टाना भगत और फूलो-झानो जैसे स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। निशा भगत प्रकरण पर दुख व्यक्त करते हुए डॉ. हसन ने आरोप लगाया कि उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा के दबाव के बाद सीबीआई जांच की मंजूरी मिली है और निष्पक्ष जांच से दोषियों के चेहरे बेनकाब होंगे। उन्होंने राज्य में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों का हवाला देते हुए सरकार पर महिला सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाया।





