Search

November 17, 2026 8:52 pm

18 लाख का हिसाब मांगने पर पांच साल का निलंबन! पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ में भाई-भतीजावाद और मनमानी के आरोपों से मचा घमासान।

अर्जुन सिंह और सोना दास को बिना कारण बताओ नोटिस निलंबित करने का आरोप।

15 लाख से अधिक खर्च का हिसाब और ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग; गांधी चौक पर सचिव का पुतला दहन, अब कोर्ट जाने की तैयारी।

क्रिकेट के नाम पर कुर्सी का खेल!

पाकुड़। जिले में क्रिकेट को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को मंच देने की जिम्मेदारी जिस जिला क्रिकेट संघ पर है, उसी संघ की कार्यशैली अब सवालों के घेरे में है। लाखों रुपये के खर्च का हिसाब, आजीवन सदस्यता, चुनाव प्रक्रिया और पदाधिकारियों की नियुक्ति को लेकर पुराने क्रिकेटरों ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को पूर्व क्रिकेटर अर्जुन सिंह के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने गांधी चौक पर संघ के सचिव का पुतला दहन कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ कुछ लोगों के प्रभाव में चल रहा है, जहां खिलाड़ियों के हित से ज्यादा पद और अधिकारों को बचाने पर जोर दिया जा रहा है।
विवाद की सबसे बड़ी वजह वित्तीय पारदर्शिता को लेकर उठे सवाल हैं। सदस्यों के मुताबिक, अप्रैल 2026 से संघ को करीब 18 लाख रुपये प्राप्त हुए, जबकि 15 लाख रुपये से अधिक खर्च किए जाने की जानकारी बैठक में दी गई। सवाल यह है कि इतनी बड़ी राशि आखिर कहां और किन मदों में खर्च हुई? सदस्यों का आरोप है कि चार्टर्ड अकाउंटेंट से ऑडिट कराने की बात कहने के बावजूद ऑडिट रिपोर्ट और खर्च के बिल-वाउचर सार्वजनिक नहीं किए गए। यहां तक कि अंपायरिंग फीस के मद में बताए गए 50 हजार रुपये के भुगतान का वाउचर भी मांगा गया, लेकिन उपलब्ध नहीं कराया गया। कोषाध्यक्ष से हिसाब मांगने पर कथित तौर पर साफ इनकार कर दिया गया।

हिसाब मांगने पर पांच साल का निलंबन!

पूर्व क्रिकेटर अर्जुन सिंह ने आरोप लगाया कि संघ की वित्तीय अनियमितताओं और कार्यशैली पर सवाल उठाने की कीमत उन्हें और सोना दास को चुकानी पड़ी। दोनों को बिना कारण बताओ नोटिस और अपना पक्ष रखने का अवसर दिए पांच साल के लिए संघ से निलंबित कर दिया गया। अर्जुन सिंह का सवाल है कि क्या संघ में वित्तीय पारदर्शिता की मांग करना अपराध है? उन्होंने कहा कि इस मामले को अब न्यायालय तक ले जाया जाएगा। उनका कहना है कि लड़ाई किसी पद की नहीं, बल्कि पुराने खिलाड़ियों के अधिकार और जिले में क्रिकेट के भविष्य की है।

पुराने खिलाड़ी बाहर, करीबियों को आजीवन सदस्यता देने का आरोप

संघ में भाई-भतीजावाद का आरोप लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जिला स्तर पर क्रिकेट खेलने वाले पुराने खिलाड़ियों और वर्षों से बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण देने वालों को मतदान के अधिकार से वंचित रखा गया है। वहीं, पदाधिकारियों के मित्रों, रिश्तेदारों और कारोबारी साझेदारों को आजीवन सदस्य बनाने का आरोप है। अर्जुन सिंह ने कई पदाधिकारियों के बीच पारिवारिक और करीबी संबंधों का हवाला देते हुए संघ की सदस्यता प्रक्रिया पर सवाल उठाए। सदस्यों की मांग है कि आजीवन सदस्यता से जुड़े आवेदन, निर्धारित अर्हता, शुल्क, बैठक की कार्यवाही और स्वीकृति के दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं।

12 साल बाद एजीएम में पता चला, सदस्यता से हो चुके हैं बाहर

आजीवन सदस्य अजय सिंह ने आरोप लगाया कि करीब 12 वर्षों बाद एजीएम की बैठक में उन्हें पता चला कि उन्हें संघ से निष्कासित कर दिया गया है। विरोध कर रहे सदस्यों ने पुराने रजिस्टर और सदस्यता संबंधी दस्तावेजों में छेड़छाड़ की आशंका जताई है। उन्होंने दस्तावेजों, हस्ताक्षरों और उनकी तारीखों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। कुछ सदस्यों ने फॉरेंसिक जांच कराने की भी बात कही है।

बिना चुनाव पदों पर कब्जे का आरोप

संघ के पुराने घटनाक्रम को उठाते हुए सदस्यों ने बताया कि करीब 15-16 वर्ष पहले अनियमितताओं के आरोपों के बाद तत्कालीन संघ अध्यक्ष मयूर पटेल कन्हैया लाल के कार्यकाल में संघ को भंग कर नए सिरे से गठन किया गया था। बाद में सचिव वीरेंद्र पाठक के जेएससीए में पद मिलने के बाद सचिव का पद रिक्त हुआ। आरोप है कि इस पद पर प्रणय तिवारी को बिना पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के सचिव बना दिया गया। इसके बाद अन्य पदों पर भी नियुक्तियों को लेकर सवाल उठे। सदस्यों का कहना है कि वर्ष 2010 की बताई जा रही नियमावली भी वर्षों तक सार्वजनिक नहीं की गई और 12 नवंबर 2026 की बैठक में पहली बार दिखाई गई।

खिलाड़ियों के लिए पैसा नहीं, बैठकों पर लाखों खर्च का आरोप।

प्रदर्शनकारियों ने संघ के खर्च करने के तरीके पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जब खिलाड़ियों के सफर, सुविधाओं और क्रिकेट गतिविधियों के लिए फंड की कमी बताई जाती है तो बैठकों और आयोजनों पर लाखों रुपये खर्च कैसे हो रहे हैं? आरोप है कि पिछले 15-17 वर्षों से अधिकांश बैठकें, आयोजन और खिलाड़ियों के ठहरने व भोजन की व्यवस्था आरके पैलेस होटल में ही कराई जाती रही है। सदस्यों ने इस व्यवस्था और भुगतान की भी जांच कराने की मांग की है।

जेएससीए से संघ भंग करने और नई कमेटी बनाने की मांग

गांधी चौक पर प्रदर्शन के दौरान खिलाड़ियों ने जेएससीए से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, वित्तीय दस्तावेज सार्वजनिक करने, निलंबन आदेश की समीक्षा करने और पारदर्शी चुनाव कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पाकुड़ में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है, लेकिन यदि संघ की कार्यप्रणाली इसी तरह सवालों के घेरे में रहेगी तो स्थानीय प्रतिभाओं को उचित अवसर मिलना मुश्किल होगा। अर्जुन सिंह ने स्पष्ट किया कि अब इस मामले में कानूनी लड़ाई भी लड़ी जाएगी। सवाल सिर्फ 18 लाख रुपये का नहीं, पाकुड़ के क्रिकेट के भविष्य का भी है। जिस संघ को खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारनी चाहिए, वहां सदस्यता, मतदान और खर्च के हिसाब को लेकर विवाद खड़ा होना पूरे खेल जगत के लिए चिंता का विषय है। अब देखना है कि जेएससीए इन आरोपों पर जांच बैठाता है या पाकुड़ के क्रिकेटरों के सवाल यूं ही अनुत्तरित रह जाते हैं।

IMG 20261117 WA0006

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!