तीरंदाजी से लेकर वॉलीबॉल तक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, विजेता और उपविजेता हुए सम्मानित
पाकुड़। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता का गुरुवार को रोमांचक मुकाबलों और पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में ग्रामीण और जनजातीय खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बैंक कॉलोनी स्थित जिला स्तरीय स्टेडियम में आयोजित समारोह में नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार और जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अर्धेन्दु शेखर गांगुली मौजूद रहे। वॉलीबॉल पुरुष वर्ग में जिला वॉलीबॉल संघ की टीम विजेता और डे बोर्डिंग क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र उपविजेता रहा। बालिका वर्ग में डीएवी गोकुलपुर ने खिताब जीता, जबकि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय अमड़ापाड़ा दूसरे स्थान पर रहा। महिला फुटबॉल में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पाकुड़ विजेता और जिला खेल अकादमी उपविजेता बनी। तीरंदाजी बालिका वर्ग में अनुप्रिया टुडू, सुहागिनी टुडू और शांति मरांडी ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। बालक वर्ग में माइकल मरांडी प्रथम, जॉन किस्कू द्वितीय और रूबीन हेम्ब्रम तृतीय रहे। मटका दौड़ में मेरीला टुडू ने पहला स्थान प्राप्त किया। रश्मि सोरेन दूसरे और सोनीति मुर्मू तीसरे स्थान पर रहीं। भाड़ा दौड़ बालिका वर्ग में भारती मरांडी प्रथम, कल्याणी सरकार द्वितीय और सावित्री किस्कू तृतीय रहीं। बालक वर्ग में अमन तुरी ने बाजी मारी, जबकि राकेश हांसदा दूसरे और विमल टुडू तीसरे स्थान पर रहे।
खपराजोला ने गोकुलपुर को 1-0 से हराया।
उधर, गोकुलपुर खेल मैदान में पुरुष फुटबॉल का फाइनल मुकाबला गोकुलपुर और खपराजोला के बीच खेला गया। कड़े संघर्ष में खपराजोला की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। समापन समारोह में जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक भगत और अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने आयोजन की सफलता में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।






