Search

July 4, 2026 8:59 pm

राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर प्रतिभाओं का होगा सम्मान, एबीवीपी करेगी करियर काउंसलिंग कार्यक्रम।

पाकुड़: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की पाकुड़ नगर इकाई की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन विस्तार, छात्र हितों से जुड़े कार्यक्रमों और आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला जनजातीय प्रमुख सह प्रदेश सह मंत्री बमभोला उपाध्याय ने की। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से नगर इकाई के पुनर्गठन पर भी मंथन किया गया तथा कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस (एबीवीपी स्थापना दिवस) के अवसर पर जिले में ‘प्रतिभा सम्मान समारोह सह करियर काउंसलिंग’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की उभरती प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
इस संबंध में चंदन पहाड़िया ने बताया कि परिषद इस वर्ष राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों, लोक कलाकारों तथा मैट्रिक (10वीं) और इंटर (12वीं) की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करेगी। साथ ही करियर काउंसलिंग सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वे अपने भविष्य की सही दिशा तय कर सकें।
बैठक में कहा गया कि देश के सबसे बड़े छात्र संगठन एबीवीपी का स्थापना दिवस पूरे देश में राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के रूप में मनाया जाता है। पाकुड़ नगर इकाई इस अवसर को केवल उत्सव तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और करियर मार्गदर्शन से जोड़ते हुए इसे प्रेरणादायी बनाने की तैयारी कर रही है। बैठक में राहुल कुमार, रंजीत पहाड़िया, सूरज कुमार साहा, प्रदीप कुमार मिश्रा, दिनेश पंडित, सुरोजित दास, आयुष पटवा, आयुष चौरसिया, अमरीश कुमार मिश्रा, कुणाल कुमार, हर्ष कुमार एवं सूरज चौधरी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!