प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस ने नाबालिग लड़की को भी सकुशल बरामद कर लिया है। इस संबंध में लड़की के पिता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया गया कि 16 जून को उनकी बेटी नहाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, जिसके बाद जानकारी मिली कि महेशपुर थाना क्षेत्र के बांसेन्द्री गांव निवासी रमेश कुमार साहा उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले को लेकर प्रभारी थाना प्रभारी अनिल पंडित ने बताया कि पिता के आवेदन पर लिट्टीपाड़ा थाना में कांड संख्या 35/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रमेश कुमार साहा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर नाबालिग लड़की को बरामद किया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।





