Search

June 8, 2026 8:47 pm

मतदाता सूची में एक भी नाम नहीं कटने देंगे, अजीजुल इस्लाम

12 जून को झामुमो के केंद्रीय नेतृत्व का होगा आगमन, BLA-2 प्रशिक्षण और SIR अभियान की समीक्षा पर फोकस।

पाकुड़। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को धनुषपूजा स्थित जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी 12 जून को केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय एवं केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा के पाकुड़ आगमन, BLA-2 प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा विशेष मतदाता पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान पार्टी का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे। इसके लिए सभी प्रखंडों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जा रही है, जो क्षेत्र में जाकर BLA-2 के कार्यों की निगरानी करेंगे और मतदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि 12 जून को आयोजित विस्तारित जिला समिति की बैठक में केंद्रीय नेतृत्व BLA-2 द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करेगा तथा आगामी रणनीति पर मार्गदर्शन देगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली ने कहा कि बूथ समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दें तथा उन्हें दस्तावेज तैयार कराने में सहयोग करें। इससे पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। पूर्व जिलाध्यक्ष सह केंद्रीय सदस्य श्याम यादव, जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे, जिला सचिव माइकल मुर्मू तथा केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी ने भी कार्यकर्ताओं को संगठन और मतदाता पुनरीक्षण अभियान के प्रति पूरी निष्ठा के साथ काम करने का निर्देश दिया। उपासना मरांडी ने महिला कार्यकर्ताओं से ग्रामीण क्षेत्रों में महिला मतदाताओं को जागरूक करने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की। बैठक में केंद्रीय समिति सदस्य निशा शबनम हांसदा, मिथिलेश घोष, जिला संगठन सचिव अनारुद्दीन मियां, मुनिराम मरांडी, जिला सह सचिव तरुण मंडल, लाल मोहम्मद अंसारी, जहूर आलम, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष जोसेफिना हेम्ब्रम, युवा मोर्चा जिला सचिव अमित भगत, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष कदम रसूल, छात्र मोर्चा जिलाध्यक्ष दासों मुर्मू समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, मतदाता जागरूकता बढ़ाने और विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प लिया गया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!