Search

July 2, 2026 11:06 pm

प्रमाण पत्र निर्गत करने से पहले करें सख्त सत्यापन, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा पर दें विशेष ध्यान : सीओ।

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। प्रखंड के ऊपरी सभागार में गुरुवार को मांझी-परगना लहंती वैसी की ओर से अंचल स्तरीय मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में नवपदस्थापित अंचलाधिकारी पवन कुमार का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इसके बाद ग्राम प्रशासन, राजस्व व्यवस्था और भूमि संबंधी मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए अंचलाधिकारी पवन कुमार ने ग्राम प्रधानों से सरकारी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जमाबंदी की वंशावली तैयार करने, भूमि लगान की नियमित वसूली सुनिश्चित करने तथा जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। भूमि विवादों के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान में भी ग्राम प्रधानों से सक्रिय सहयोग करने का आग्रह किया। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की भी समीक्षा की गई। अंचलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र समेत सभी प्रमाण पत्र जारी करने से पहले आवेदकों की पहचान और तथ्यों का गहन सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। बिना स्थल जांच और आवश्यक पुष्टि के किसी भी आवेदन की अनुशंसा नहीं की जाए, ताकि केवल वास्तविक और पात्र लोगों को ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। ग्राम प्रधानों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने तथा सभी सरकारी निर्देशों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ पालन करने का भरोसा दिलाया। बैठक में परगनैत छुतार किस्कू, मसीह मरांडी, मांझी मुंशी बेसरा, कार्तिक टुडू, सिलास मालतो, बेंजामिन मरांडी, निजरी पहाड़िया समेत प्रखंड क्षेत्र के सैकड़ों ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!