Search

September 10, 2026 4:15 pm

एक जमीन, दो दावेदार, घेराबंदी को लेकर खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों के 12 लोगों पर केस दर्ज।

इकबाल हुसैन

महेशपुर थाना क्षेत्र में एक ही जमीन पर स्वामित्व और कब्जे के दावे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जमीन की घेराबंदी के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने अलग-अलग कांड दर्ज करते हुए कुल 12 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है।
पुलिस के अनुसार, महेशपुर निवासी शिवकुमार भगत की शिकायत पर थाना कांड संख्या 107/26 दर्ज किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 28 जून की सुबह उनकी पैतृक जमीन (दाग संख्या-216) पर ऐराती शेख, रक्तिम शेख, रहीम शेख, हसीब शेख और बाबूल शेख जबरन सीमेंट के पिलर लगाकर घेराबंदी कर रहे थे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भतीजे आशीष कुमार भगत का गला दबाने और लोहे के सब्बल से हमला करने का भी आरोप लगाया गया है। इस मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वहीं, दूसरे पक्ष के रहीम शेख की शिकायत पर थाना कांड संख्या 108/26 दर्ज हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि 28 जून की सुबह वह अपने चचेरे भाइयों हसीब शेख और रक्तिम शेख के साथ नायरा पेट्रोल पंप के समीप स्थित अपनी चार कट्ठा जमीन की घेराबंदी कर रहे थे। इसी दौरान राम कुमार भगत, शिव कुमार भगत, राजू कुमार भगत, आशीष कुमार भगत, सोनू कुमार भगत, आयुष कुमार भगत और सुभाष कुमार भगत वहां पहुंचे, घेराबंदी उखाड़ दी और उनके साथ मारपीट की। शिकायत में हाथ, पैर, पेट और सिर में चोट लगने का उल्लेख किया गया है। इस मामले में भी बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। दोनों पक्ष संबंधित जमीन पर वर्षों से दखल-कब्जा होने का दावा कर रहे हैं और एक-दूसरे पर जबरन कब्जा करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महेशपुर थाना पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जमीन से जुड़े दस्तावेजों और दोनों पक्षों के दावों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!