पाकुड़। हावड़ा मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) विशाल कपूर रविवार को विशेष सैलून से पाकुड़ पहुंचे। डीआरएम के अचानक निरीक्षण को लेकर रेलवे अधिकारियों और संबंधित संवेदकों में सक्रियता बढ़ गई। पाकुड़ पहुंचने के बाद डीआरएम सीधे मालपहाड़ी स्टोन क्वेरी क्षेत्र पहुंचे और रेलवे ट्रैक से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया। डीआरएम ने अपने सैलून से ही ट्रैक पर चल रहे विकास, रखरखाव और सुदृढ़ीकरण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने बताया कि दौरे का मुख्य उद्देश्य मालपहाड़ी क्वेरी क्षेत्र में चल रहे रेलवे ट्रैक कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करना था। इस दौरान उनका पूरा फोकस माल ढुलाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और ट्रैक कार्यों की स्थिति की जांच पर रहा।
डीआरएम के दौरे को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मौके पर रामपुरहाट के एईएन, पीडब्ल्यूआई, आईओडब्ल्यू, आरपीएफ जवान सहित रेलवे के कई अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद डीआरएम आगे के लिए रवाना हो गए।







