रामगढ़। शनिवार को राधा गोविंद विश्वविद्यालय, रामगढ़ के फार्मेसी संकाय द्वारा “एंटी-नारकोटिक्स अवेयरनेस कैंपेन 2026” के अंतर्गत एक जागरूकता संगोष्ठी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय था “नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान” (A Drug-Free India – The Identity of a Developed India)।


कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय राधा देवी एवं स्वर्गीय गोविन्द साह को श्रद्धांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, सचिव प्रियंका कुमारी, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड राज्य सरकार के राज्य औषधि नियंत्रण निदेशालय के सहायक निदेशक डॉ. अमित कुमार थे, जिन्होंने “मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं उसके सामाजिक प्रभाव” विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया।

उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। फार्मेसी संकाय के सहायक प्राध्यापक श्री आलोक कुमार ने भी “मादक पदार्थों के दुरुपयोग: जागरूकता, रोकथाम एवं जिम्मेदारी” विषय पर प्रस्तुति देते हुए विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों तथा सामाजिक दायित्वों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन प्रतियोगिता, विशेषज्ञ व्याख्यान, जागरूकता सत्र तथा नशामुक्ति शपथ का आयोजन किया गया। सभी प्रतिभागियों ने नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास को भी प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में विभागाध्यक्ष श्री साई प्रकाश पाणिग्रही द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया तथा “Say No to Drugs, Say Yes to Life” का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर विभाग के सभी शिक्षकगण – जयिता रॉय, सुरजीत बर्मन, अरूप गोस्वामी, झरना पलेई, शम्भू प्रसाद सिंह, सुमित कुमार, रमा सोनी, सस्मिता बास्के, डॉ. राहुल कुमार, राहुल दत्ता, भाग्यश्री प्रभात, सुजाता कुमारी, प्रसन्ना ज्योति मल्ला, मलय स्वाइन, रंजन घोष, सूर्यनारायण सहित अन्य संकाय सदस्यों ने अपने मार्गदर्शन और सहयोग से कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





