Search

August 19, 2026 10:43 am

पाकुड़ प्रखंड कार्यालय परिसर में जेनरेटर में लगी आग, मची अफरा-तफरी

बैठक छोड़ बाहर निकले अधिकारी, दमकल ने पाया काबू, बड़ा हादसा टला

पाकुड़ प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर से शनिवार शाम एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। शाम करीब 5:36 बजे कार्यालय परिसर के बाहर रखे बड़े जेनरेटर (डीजी) में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही परिसर में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।जानकारी के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। शाम के समय अचानक जेनरेटर से धुआं और तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। चूंकि जेनरेटर कार्यालय भवन के बाहर खुले में स्थित था, इसलिए कार्यालय के मुख्य भवन और अंदरूनी हिस्से को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। सभी सरकारी दस्तावेज और संपत्ति पूरी तरह सुरक्षित हैं।जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय प्रखंड कार्यालय के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक चल रही थी। बैठक में मुख्य रूप से अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन और अंचल अधिकारी (सीओ) अरविंद बेदिया सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद थे। बाहर आग लगने और शोर मचने के बाद बैठक को तुरंत रोकना पड़ा और सभी अधिकारी व कर्मी सुरक्षित बाहर निकल आए।

दमकल की टीम ने पाया काबू

घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और राहत की सांस ली कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता अबू तलहा भी मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!