भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर उपायुक्त ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
01 मई से 15 मई 2026 तक नागरिक https://se.census.gov.in� पोर्टल पर स्व-गणना के माध्यम से दर्ज कर सकेंगे अपनी जानकारी
16 मई से 14 जून 2026 तक चलेगा मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का प्रथम चरण
जनगणना विकास योजनाओं की आधारशिला, सभी नागरिक सक्रिय सहयोग करें: उपायुक्त
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शनिवार को भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के सफल संचालन को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झारखंड राज्य अंतर्गत जनगणना 2027 का प्रथम चरण दिनांक 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य संपादित किया जाएगा।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बताया कि इस प्रथम चरण से पूर्व आम नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत 01 मई 2026 से 15 मई 2026 तक नागरिक https://se.census.gov.in� पोर्टल पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठाएं और निर्धारित समयावधि के भीतर स्वेच्छा से अपनी जानकारी पोर्टल पर दर्ज करें। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है। जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही सरकार विभिन्न विकास योजनाओं का निर्माण, संसाधनों का वितरण तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सही एवं पूर्ण भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
34 बिंदुओं पर एकत्र की जाएगी विस्तृत जानकारी
उपायुक्त ने बताया कि मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के दौरान प्रगणकों द्वारा कुल 34 बिंदुओं पर जानकारी संकलित की जाएगी। इसमें लाईन क्रमांक, भवन नंबर (नगर/स्थानीय प्राधिकरण अथवा जनगणना नंबर), जनगणना मकान नंबर, जनगणना मकान के फर्श में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री, जनगणना मकान की दीवार में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री,
जनगणना मकान की छत में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री, जनगणना मकान का उपयोग (आवासीय/व्यावसायिक/अन्य), जनगणना मकान की हालत (अच्छी रहने योग्य/जर्जर), परिवार क्रमांक, परिवार में सामान्य रहने वाले व्यक्तियों की कुल संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, परिवार के मुखिया का लिंग, क्या परिवार का मुखिया अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य वर्ग से संबंधित है, मकान स्वामित्व की स्थिति, परिवार के पास रहने के लिए उपलब्ध कमरों की संख्या, परिवार में रहने वाले विवाहित दंपत्तियों की संख्या,पेयजल का मुख्य स्रोत, पेयजल स्रोत की उपलब्धता,प्रकाश का मुख्य स्रोत, शौचालय की सुलभता, शौचालय का प्रकार, गंदे पानी की निकासी, स्नानगृह की उपलब्धता,रसोईघर तथा एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन की उपलब्धता,खाना पकाने के लिए प्रयुक्त मुख्य ईधन, रेडियो/ ट्रांजिस्टर,टेलीविजन, इंटरनेट सुविधा,लैपटॉप/कम्प्यूटर, टेलीफोन/मोबाइल फोन/स्मार्टफोन, साइकिल/स्कूटर/मोटरसाइकिल/मोपेड, कार/जीप/वैन, परिवार द्वारा उपभोग किया जाने वाला मुख्य अनाज एवं मोबाइल नंबर (केवल जनगणना संबंधी सूचना हेतु) महत्वपूर्ण जानकारियाँ शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जानकारी केवल जनगणना एवं विकासात्मक योजनाओं के उद्देश्य से उपयोग की जाएगी, जिससे शासन स्तर पर बेहतर नीति निर्माण संभव हो सके।
07 चार्ज पदाधिकारी बनाए गए
उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु 07 चार्ज पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि जनगणना कार्य पारदर्शी, व्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से संपन्न हो सके।
द्वितीय चरण में होगी जनसंख्या की वास्तविक गणना
उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना 2027 के द्वितीय चरण में प्रथम चरण के मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के सत्यापन के उपरांत 09 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा जनसंख्या की वास्तविक गणना की जाएगी।
मीडिया, जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता से सहयोग की अपील
उपायुक्त ने आम जनता, जनप्रतिनिधियों तथा मीडिया से अपील करते हुए कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नागरिक प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा समाज में जनगणना के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पाकुड़ जिला जनगणना 2027 के इस महत्वपूर्ण कार्य को जनसहभागिता और प्रशासनिक समन्वय के साथ सफलतापूर्वक पूर्ण करेगा।
आयोजित प्रेस काॅन्फ्रेंस में अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, स्थापना उप समाहर्ता त्रिभुवन कुमार सिंह, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी चंद्रजीत खलखो, एसएमपीओ पवन कुमार सहित विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि व अन्य कर्मी उपस्थित थे।







