पेट्रोलियम उत्पादों के सुरक्षित उपयोग, अग्नि सुरक्षा और ईंधन संरक्षण को लेकर किया गया जागरूक।
पाकुड़। लोकल एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के तहत शनिवार को पीएम श्री उत्क्रमित कन्या उच्च विद्यालय की छात्राओं को पेट्रोल पंप का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को पेट्रोलियम उत्पादों के सुरक्षित उपयोग, पेट्रोल पंप के संचालन, अग्नि सुरक्षा तथा आवश्यक सावधानियों की व्यावहारिक जानकारी देना था। भ्रमण के दौरान पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने छात्राओं को पेट्रोल एवं डीजल की बिक्री और भंडारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही अग्निशमन उपकरणों के उपयोग तथा आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों से भी अवगत कराया गया। छात्राओं को विशेष रूप से पेट्रोल पंप परिसर में मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, धूम्रपान से बचने और आग से संबंधित सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के प्रति जागरूक किया गया। छात्राओं ने पेट्रोल पंप के विभिन्न कार्यों को रुचिपूर्वक देखा और अपनी जिज्ञासाओं से जुड़े सवाल भी पूछे। कर्मचारियों ने छात्राओं के सवालों का जवाब देते हुए ईंधन की सुरक्षा और सावधानी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुजुला मुर्मू ने कहा कि एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य छात्राओं का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें पाठ्यक्रम से इतर व्यावहारिक और उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराना है। ऐसे भ्रमण से विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ वास्तविक कार्यस्थल की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को सड़क सुरक्षा, ईंधन संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। विद्यालय की ओर से बताया गया कि इस तरह के व्यावहारिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञान, आत्मविश्वास और जागरूकता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मौके पर प्रोग्राम हेड शिक्षक मोहम्मद शाहिद, शिक्षिका सतरूपा मुखर्जी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे।






