प्रखंड गायत्री परिवार पाकुड़िया की ओर से नववर्ष 2026 का स्वागत बेहद आध्यात्मिक और अनुशासित वातावरण में किया गया। नए साल के पहले सूर्य किरण के साथ ही महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं की सहभागिता में वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-यज्ञ, संस्कार और पूजा-पाठ का आयोजन हुआ। इस दौरान विश्व शांति, सद्भावना तथा माता जी की जन्म शताब्दी के परिप्रेक्ष्य में घंटों यज्ञानुष्ठान कर गायत्री परिवार का जयघोष किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई उपप्रमुख अर्चना देवी ने की। उनके साथ प्रतिष्ठित कपड़ा व्यवसायी ओम प्रकाश भगत, सुबोध कुमार भगत, पंचायत समिति सदस्य गायत्री देवी, समाजसेवी शंभू प्रसाद भगत, भाजपा अध्यक्ष विजय भगत, विद्वान शेषनाथ चौधरी सहित गायत्री परिवार के सैकड़ों महिला-पुरुष सदस्य उपस्थित रहे। यज्ञनुष्ठान के उपरांत सामूहिक सात्विक भोज का आयोजन किया गया। उपप्रमुख अर्चना देवी ने कहा कि नववर्ष का शुभारंभ हवन-पूजन से कर समाज में आपसी प्रेम, शाकाहार, स्वच्छता और पर्यावरण शुद्धिकरण का संदेश दिया गया है। साथ ही समाज में व्याप्त रूढ़िवादी कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प भी लिया गया। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर गुरुदेव और गुरु माता को स्मरण कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी गायत्री परिवार के प्रबुद्धजनों की भी सहभागिता रही। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिला।








