Search

April 28, 2026 9:40 pm

अस्मिता सिटी लीग, एथलेटिक्स में बालिकाओं का जलवा, ट्रैक-फील्ड पर दिखी प्रतिभा और जुनून।

पाकुड़। अस्मिता सिटी लीग 2026 के तीसरे दिन बैंक कॉलोनी स्टेडियम में एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुईं। जिले के छह प्रखंडों से आईं 256 बालिका खिलाड़ियों ने ट्रैक और फील्ड इवेंट्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का दम दिखाया। दौड़, कूद और थ्रो इवेंट्स में खिलाड़ियों का जोश देखने लायक रहा।
प्रतियोगिता के बाद विजेताओं को पुलिस उपाधीक्षक जितेन्द्र कुमार और जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने पुरस्कृत किया। डीएसपी ने कहा कि खेल केवल जीत-हार नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास का आधार है। वहीं क्रीड़ा पदाधिकारी ने बताया कि यह लीग बालिकाओं को आगे बढ़ने का मजबूत मंच दे रही है और ग्रामीण-शहरी प्रतिभाओं को पहचान मिल रही है।

अंडर-14 में सुष्मिता और कल्याणी का दबदबा

600 मीटर दौड़ में कल्याणी सरकार ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि 60 मीटर में सुष्मिता मरांडी अव्वल रहीं। लंबी कूद में मरियम सोरेन, ऊंची कूद में हिसी हांसदा और शॉट पुट में मेशी पहाड़ी ने बाजी मारी। भाला फेंक में भी सुष्मिता मरांडी ने जीत दर्ज कर दोहरी सफलता हासिल की।

अंडर-19 में सावित्री और सरोजिनी चमकीं

100 मीटर में सावित्री किस्कू और 200 मीटर में सरोजिनी टुडू ने पहला स्थान हासिल किया। ऊंची कूद में रोमा हांसदा, शॉट पुट में ईस्टर पहाड़ी और भाला फेंक में सुष्मिता मरांडी ने जीत दर्ज की।

खेल से सशक्तिकरण का संदेश

अस्मिता सिटी लीग का मकसद बालिकाओं को सशक्त बनाना और जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के जरिए फिट इंडिया का संदेश भी घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है। इस सफल आयोजन में प्रशिक्षकों, तकनीकी पदाधिकारियों और जिला खेल कार्यालय की टीम की अहम भूमिका रही, जिनके सहयोग से प्रतियोगिता व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!