विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर पाकुड़ में शपथ ग्रहण, जागरूकता वाहन रवाना कर लोगों से नशामुक्त समाज बनाने की अपील
पाकुड़। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर शनिवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़ में तंबाकू और धूम्रपान के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में स्वास्थ्यकर्मियों ने तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए लोगों को कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए जागरूक करने की शपथ ली। सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि तंबाकू और धूम्रपान धीरे-धीरे व्यक्ति को गंभीर बीमारियों की ओर धकेलते हैं। युवाओं में इसे फैशन के रूप में अपनाने की बढ़ती प्रवृत्ति चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि तंबाकू जनित कैंसर का इलाज कठिन और महंगा होता है, इसलिए समय रहते इससे दूरी बनाना ही सबसे बड़ा बचाव है। जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. एस. के. झा ने कहा कि तंबाकू और नशीले पदार्थों की आसान उपलब्धता युवाओं को तेजी से अपनी गिरफ्त में ले रही है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नशे से दूर रखने और जागरूकता अभियानों को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। कार्यक्रम के अंत में “हम में है दम, तंबाकू को ना कहें” और “जिंदगी चुनें, तंबाकू नहीं” के नारों के साथ जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।






