Search

June 18, 2026 11:27 pm

एसबीआई शाखा में वरिष्ठ नागरिकों को अधिकारों और सुविधाओं की दी गई जानकारी।

विधिक सेवा प्राधिकार ने लगाया जागरूकता शिविर, हेल्पलाइन और कानूनी सहायता की दी जानकारी

पाकुड़। वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ की ओर से भारतीय स्टेट बैंक शाखा पाकुड़ में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। नालसा नई दिल्ली एवं झालसा रांची के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ दिवाकर पांडेय के निर्देश और सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बताया गया कि माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के तहत वरिष्ठ नागरिकों को कई अधिकार प्राप्त हैं। शिविर में पारा लीगल वॉलिंटियर्स ज्योति कुमारी ने वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र वरिष्ठ नागरिक जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से बिना किसी शुल्क के कानूनी सहायता ले सकते हैं। वहीं पारा लीगल वॉलिंटियर्स अमूल्य रत्न रविदास ने वरिष्ठ नागरिकों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर वरिष्ठजन हेल्प डेस्क की सहायता लेने की अपील की। कार्यक्रम में बैंक की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध विशेष बैंकिंग सुविधाओं, प्राथमिकता सेवाओं और लाभकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। इस दौरान उपस्थित लोगों को नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 और वरिष्ठ नागरिकों के लिए एल्डर लाइन हेल्पलाइन 14567 की जानकारी भी दी गई। शिविर में मिली महत्वपूर्ण जानकारियों को लेकर वरिष्ठ नागरिकों में उत्साह देखा गया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर