नब्बे दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत शिविर आयोजित
पाकुड़। झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ के तत्वावधान में चल रहे नब्बे दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान के तहत अमड़ापाड़ा प्रखंड के डूमरचीर पंचायत अंतर्गत मंडरो स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ दिवाकर पांडेय के निर्देश पर तथा डालसा सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर में लीगल एड डिफेंस कॉन्सिल सिस्टम के डिप्टी चीफ मो. नुकुमुद्दीन शेख ने छात्राओं को मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, कानूनी प्रावधानों और नालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकार से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में भी विस्तार से बताया।
वहीं लीगल एड डिफेंस कॉन्सिल के सहायक अजफर हुसैन विश्वास ने छात्राओं को बाल विवाह, दहेज प्रथा, डायन बिसाही, घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया और कानूनी उपायों की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को कानूनी समस्या होने पर नालसा के टॉल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई। मौके पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका, शिक्षिकाएं, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स सायेम अली, मनोज सोरेन, तेरेसा किस्कू, हरेंद्र कुमार मालतो सहित छात्राएं मौजूद थीं।












