पाकुड़िया। खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पाकुड़िया प्रखंड के बनियापसार गांव में पगला स्पोर्टिंग क्लब की ओर से आयोजित फुटबॉल और कुश्ती प्रतियोगिता में जिला परिषद अध्यक्ष जुली हेंब्रम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है।
प्रतियोगिता में फुटबॉल के 24 टीमों ने हिस्सा लिया, जबकि कुश्ती में 16 खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। फुटबॉल का फाइनल मुकाबला एफसी चंदूबंगा बेसटकुंडी और इंटो स्टार बिशुनपुर के बीच खेला गया, जिसमें बेसटकुंडी की टीम विजेता बनी। विजेता टीम को 20 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। कुश्ती प्रतियोगिता में कृष्ण यादव ने प्रथम और मोसे टुडू ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विजेता को 10 हजार रुपये और उपविजेता को 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर जिप अध्यक्ष जुली हेंब्रम ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि खेल से अनुशासन, मेहनत और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। मौके पर पंचायत मुखिया सालोमी हांसदा, क्लब अध्यक्ष रिशी मरांडी, सचिव महेश मरांडी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद थे।








