Search

April 24, 2026 11:57 pm

फर्जी लोन घोटाले में महिलाओं के नाम पर निकाला गया लाखों का कर्ज, शाखा प्रबंधक-एरिया मैनेजर पर गंभीर आरोप

नगर थाना पहुंची दर्जनों पीड़ित महिलाएं, कहा– फर्जी पति बनाकर लोन की निकासी, मुख्य आरोपी फरार

पाकुड़ | हिरणपुर प्रखंड के तोड़ाई विपतपुर गांव की दर्जनों महिलाएं बुधवार को नगर थाना पहुंचीं और मधपाड़ा स्थित आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस लिमिटेड के खिलाफ गंभीर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया। महिलाओं का कहना है कि उनके नाम पर लाखों रुपये के ग्रुप लोन बिना जानकारी के निकाले गए और अब उन्हें बकाया चुकाने के लिए नोटिस भेजा जा रहा है।

नकली पति बनाकर बैंक से की गई निकासी!

शिकायत लेकर पहुंची रीना परवीन, जहांनारा बीवी, सैरुन निशा, रजिया बीबी, सहिदा बीवी, सोनाराशि देवी, जोसना बीवी, सामिना बीवी सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि उन्होंने पूर्व में लिए गए लोन की पूरी राशि पहले ही चुका दी थी। बावजूद इसके कंपनी से उन्हें ओवरड्राफ्ट और बकाया राशि के नोटिस मिलने लगे। जब महिलाओं ने कंपनी से जानकारी लेनी चाही, तो उन्हें पता चला कि उनके नाम पर फिर से लोन निकाला गया और रुपये की निकासी भी हो चुकी है। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि रीना परवीन, जिसकी अब तक शादी नहीं हुई है, उसके नाम पर एक फर्जी पति बनाकर लोन स्वीकृत किया गया और निकासी कर ली गई। वहीं सहिदा बीवी ने बताया कि उसके असली पति का नाम हुसैन अंसारी है, लेकिन लोन दस्तावेजों में एक अकबर नामक व्यक्ति को उसका पति दिखाकर रकम निकाल ली गई।

शाखा प्रबंधक और एरिया मैनेजर पर मिलीभगत का आरोप

महिलाओं ने आरोप लगाया कि इस पूरे फर्जीवाड़े के पीछे कंपनी का एरिया मैनेजर मो. समीर अंसारी और नगरनवी शाखा प्रबंधक संतोष कुमार की मिलीभगत है। समीर अंसारी, जो हिरणपुर का रहने वाला है, वर्तमान में फरार बताया जा रहा है। महिलाओं का यह भी आरोप है कि शाखा प्रबंधक उनके घर आकर अंगूठा निशान ले जाता था, पर महिलाएं अनजान थीं कि इसका दुरुपयोग किया जाएगा।

तीन महीने से भटक रही महिलाएं, शाखा ने नहीं की कोई कार्रवाई

पीड़ित महिलाओं ने बताया कि बीते तीन महीनों से वे लगातार कंपनी के दफ्तर और शाखा प्रबंधक से संपर्क कर रही हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। मंगलवार को आक्रोशित महिलाएं शाखा में पहुंचीं और वहां से कुछ सामान उठा लाईं। इसके बाद शाखा प्रबंधक ने खुद थाना में मामला दर्ज कराया। बुधवार को जब महिलाएं नगर थाना पहुंचीं तो शाखा प्रबंधक से जमकर बहस हुई। आखिरकार समझाइश के बाद शाखा प्रबंधक ने भरोसा दिया कि अगर महिलाएं लिखित में आवेदन और साक्ष्य देंगी, तो दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

img 20250716 wa00215839237474329126199

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!