प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा। विधायक हेमलाल मुर्मू ने लिट्टीपाड़ा प्रखंड स्थित जेएसएलपीएस कार्यालय में झामुमो कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी कार्यक्रमों और संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की। बैठक में 30 जून को मनाए जाने वाले हुल दिवस, SIR कार्यक्रम और पार्टी की आगामी रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। विधायक हेमलाल मुर्मू ने हुल दिवस को ऐतिहासिक और गरिमामय तरीके से मनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह आदिवासी वीरों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
बैठक के दौरान SIR कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा हुई। विधायक ने कार्यकर्ताओं को ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय रहने और लोगों तक जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने चुनावी मुद्दे के रूप में SIR का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी हित में पूरी मजबूती के साथ काम करें और किसी भी हाल में झामुमो का एक भी वोट कम नहीं होने देना है। विधायक ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में झामुमो के कई स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






