Search

May 31, 2026 11:07 pm

दस वर्ष की सेवा पूरी करने वाले संविदाकर्मियों के नियमितीकरण को लेकर एमपीडब्ल्यू संघ ने बनाई रणनीति।

पाकुड़। झारखंड राज्य एमपीडब्ल्यू कर्मचारी संघ की जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक रविवार को स्थानीय लड्डू बाबू आम बागान में जिला अध्यक्ष भास्कर सरकार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संविदा पर कार्यरत बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के नियमितीकरण को लेकर व्यापक चर्चा की गई तथा आगामी रणनीति तय की गई। बैठक में बताया गया कि आगामी 10 जून को कई संविदा कर्मियों की सेवा के 10 वर्ष पूरे हो जाएंगे। सदस्यों ने कहा कि उच्च न्यायालय के पूर्व निर्देशों के आलोक में 10 वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी करने वाले संविदाकर्मी नियमितीकरण की मांग करने के विधिक हकदार हैं। इसे लेकर सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से मांग रखने का निर्णय लिया गया। संघ की जिला इकाई ने सर्वसम्मति से राज्य संघ को पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया। साथ ही संगठन को और मजबूत बनाने के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर संगठन विस्तार अभियान चलाने का भी फैसला किया गया। बैठक में संघ के सचिव रविकांत रवि समेत सुबोध हेंब्रम, राजू अग्रवाल, विजय गोंड, मनोहर आलम, ध्रुव नंदन ठाकुर, विधान आचार्य, रंजन कर्मकार, हाबिल टुडू सहित बड़ी संख्या में संविदा कर्मी एवं संघ के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे संविदाकर्मियों के हितों की रक्षा और उनकी मांगों को लेकर संगठन एकजुट होकर आगे की लड़ाई लड़ेगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!