पाकुड़। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 जिले में रविवार को कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज ने शहर के डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (बालिका) और पाकुड़ पॉलिटेक्निक स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, पहचान सत्यापन, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा कक्ष, पेयजल, शौचालय, बिजली सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्राधीक्षकों और प्रतिनियुक्त अधिकारियों को परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिले में NEET-UG परीक्षा के लिए दो केंद्र बनाए गए थे। दोनों केंद्रों पर कुल 548 परीक्षार्थियों के लिए व्यवस्था की गई थी, जिसमें 500 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 48 अनुपस्थित रहे। परीक्षा में कुल उपस्थिति 91.24 प्रतिशत दर्ज की गई।
उपायुक्त ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के कारण परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई। उन्होंने परीक्षा संचालन में लगे अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मियों और पुलिस पदाधिकारियों के बेहतर समन्वय की सराहना की।







