[ad_1]
रूपांशु चौधरी/हजारीबाग. आए दिन सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो वायरल होते रहते हैं, जो बहुत कम समय में ही सुर्खियां बटोर लेते हैं. अब सोशल मीडिया पर हजारीबाग के दारू प्रखंड का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें 60 वर्षीय महिला अपनी 90 साल की मां को गोद में उठा कर पेंशन लेने बैंक जाती दिख रही है.
यह वीडियो शुक्रवार को दारू प्रखंड क्षेत्र के इरगा पंचायत के दारू खैरिका का है, जिसमें 90 वर्षीय मां चलने में असमर्थ है. वृद्धा को उसकी 60 वर्षीय बेटी गोद में उठाकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की दारू शाखा ले जा रही है. उसी समय किसी राहगीर ने यह वीडियो बना लिया. बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
90 वर्षीय महिला का नाम बचनी देवी पति स्व. द्वारिका साव है, जबकि उसकी विधवा बेटी का नाम झलिया मसोमात (उम्र 60 वर्ष) है. झलिया मसोमत अपनी मां को गोद में उठाकर अपने घर दारू खैरिका से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में पेंशन लेने गई थी. यह सिर्फ इस महीने की बात नहीं, बल्कि हर महीने ऐसा करना पड़ता है.
घर पर केवल मां-बेटी
बेटी झलिया मसोमत ने बताया कि घर में सिर्फ वही दोनों मां-बेटी ही रहती हैं. उनके पिता और एक भाई की मौत काफी वर्ष पहले हो गई थी. झलिया की शादी केरेडारी क्षेत्र के गरिकला में हुई थी, पर उसके पति की भी मौत विवाह के कुछ दिन बाद हो गई थी. उनके कोई संतान नहीं है. इस कारण वह अपनी मां के साथ रहती है. इन दोनों को सरकारी पेंशन मिलती है, जिससे इनका जीवन यापन होता है. बताया कि हर महीने पहले बैंक जाकर बता कर आती हूं कि पेंशन आई या नहीं. राशि बैंक खाते में आ जाने पर मां को गोद में लेकर बैंक जाती हूं.
कोई नहीं करता मदद
झालिया आगे बताती हैं कि पिछले साल दशहरा से उनकी मां चल फिर नहीं पाती हैं. उसी समय से वह हर महीने गोद में उनको उठाकर बैंक जाती हैं. उनके पास कोई साधन और सहारा नहीं है, जिससे वह बैंक आएं-जाएं और उनकी कोई मदद भी नहीं करता है. बैंक से घर की दूरी लगभग एक किलोमीटर है.
अगले माह से घर पर पहुंचेगी पेंशन
वहीं लोकल 18 ने जब इस संबंध में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया हजारीबाग के क्षेत्रीय प्रबंधक नितेश आनंद से फोन पर बात की तो उन्होंने बताया कि ऐसा प्रावधान है कि यदि कोई बैंक आने में सक्षम नहीं है, तो बैंक कर्मी उनके घर जाकर पेंशन सहित अन्य सुविधाओं का लाभ देते हैं. 90 वर्षीय बचनी देवी का मामला उन्हें लोकल 18 के माध्यम से पता चला है. इस संबंध में पूरी जानकारी ली जाएगी और जरूरत पड़ने पर अगले माह से उन्हें घर पर पेंशन का राशि पहुंचाई जाएगी.
.
Tags: Hazaribagh news, Local18, Pensioners, Unique news
FIRST PUBLISHED : November 25, 2023, 18:01 IST
[ad_2]
Source link










