पाकुड़। संथाल परगना क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट-2026 में पाकुड़ जिला पुलिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे संथाल परगना में प्रथम स्थान हासिल किया है। साहेबगंज पुलिस केंद्र में 10 से 12 जून तक आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में संथाल परगना के दुमका, पाकुड़, साहेबगंज, गोड्डा, जामताड़ा और देवघर जिले के पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में फॉरेंसिक साइंस, मेडिको लीगल, क्राइम इन्वेस्टिगेशन, कानून व न्यायालय प्रक्रिया, फिंगर प्रिंट, फोटोग्राफी, ऑब्जर्वेशन टेस्ट, पुलिस पोर्ट्रेट, कंप्यूटर अवेयरनेस सहित विभिन्न इवेंट आयोजित किए गए। पाकुड़ जिले के 14 पुलिस प्रतिभागियों ने सभी इवेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल डिस्ट्रिक्ट चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में पुलिस निरीक्षक प्रयाग दास ने मेडिको लीगल (ओरल) में प्रथम और क्राइम इन्वेस्टिगेशन, लॉ एंड कोर्ट जजमेंट में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पुलिस अवर निरीक्षक नागेंद्र कुमार ने मेडिको लीगल में तृतीय स्थान हासिल किया। आरक्षी राकेश कुमार सरकार ने ऑब्जर्वेशन टेस्ट में द्वितीय और पुलिस पोर्ट्रेट में तृतीय स्थान प्राप्त किया। कंप्यूटर अवेयरनेस में आरक्षी पिंटू कुमार साहा ने प्रथम तथा आरक्षी तोपेश कुमार मंडल ने तृतीय स्थान हासिल किया।
व्यक्तिगत प्रदर्शन में पुलिस निरीक्षक प्रयाग दास ने ओवरऑल रेंज चैंपियन (इंडिविजुअल) में द्वितीय स्थान प्राप्त कर पाकुड़ पुलिस का मान बढ़ाया। इस उपलब्धि पर पुलिस विभाग ने सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की है।







