नप अध्यक्ष, एसडीपीओ ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया उद्घाटन
मेला परिसर में असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी।
बजरंग पंडित
पाकुड़ के नगर थाना के समीप स्थित ऐतिहासिक रथ मेला मैदान में गुरुवार को पारंपरिक उत्साह, उमंग और गहरी श्रद्धा के साथ रथ मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। इस प्रसिद्ध मेले का उद्घाटन एसडीपीओ कुमार गौरव, नप अध्यक्ष शबरी पाल तथा समाजसेवी सुरेश अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।उद्घाटन के पश्चात एसडीपीओ कुमार गौरव ने नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता व भारी पुलिस बल के साथ पूरे मेला परिसर का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, और भीड़ नियंत्रण का जायजा लेते हुए मेला समिति को कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस, असामाजिक तत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसडीपीओ
मेले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर एसडीपीओ कुमार गौरव ने कहा पाकुड़ का यह प्रसिद्ध रथ मेला लगभग एक महीने तक चलता है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए हमने पूरे परिसर का जायजा लिया है। मेला समिति को निर्देश दिया गया है कि जिन प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं, वहां तत्काल कैमरे लगाए जाएं। चोरी और छिनतई (स्नैचिंग) जैसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। मेले में वर्दी के साथ-साथ सादे लिबास में भी पुलिस बल की तैनाती की गई है।”उन्होंने आगे कहा शाम को निकलने वाली रथ यात्रा को लेकर सुरक्षा की पूरी तैयारी है। रथ के आगे, पीछे और साथ में पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहेगा। इस बार ड्रोन कैमरों से भी पूरे क्षेत्र की निगरानी की जाएगी। इसके अलावा, मेले में जाली नोटों के संचालन की शिकायतों को देखते हुए मैं आम जनता से अपील करता हूँ कि वे अधिक से अधिक डिजिटल भुगतान (फोन पे आदि) का उपयोग करें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व दिखे, तो तुरंत नगर थाना, थाना प्रभारी या कंट्रोल रूम के नंबर पर सूचित करें, जो हर दुकान पर प्रदर्शित रहेंगे। असामाजिक तत्वों को हमारा कड़ा संदेश है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने पर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।एसडीपीओ ने यह भी निर्देश दिया कि मेले में आने वाले सभी दुकानदारों, झूला संचालकों एवं उनके कर्मचारियों का मोबाइल नंबर, पहचान पत्र आदि विवरण नगर थाना में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर परिषद ने किए विशेष प्रबंध: शबरी
रथ यात्रा और मेले के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नप अध्यक्ष शबरी पाल ने शहरवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा सनातन धर्म में जगन्नाथ देव की रथ यात्रा का विशेष महत्व है और पाकुड़ में यह ऐतिहासिक मेला करीब डेढ़ महीने तक चलता है। नगर परिषद की ओर से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आम जनता की सुविधा का पूरा ख्याल रखा गया है।परिसर में साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और डस्टबिन की समुचित व्यवस्था की गई है।हमने मेला समिति से भी कहा है कि जहां भी अतिरिक्त साफ-सफाई की आवश्यकता हो, हमें बताएं, वहां तुरंत कार्य कराया जाएगा ताकि आगंतुकों को कोई परेशानी न हो।

आधुनिक मनोरंजन और सुरक्षा के विशेष आकर्षण
मेला प्रबंधक सुजीत सरकार ने बताया कि इस वर्ष मेले को और अधिक भव्य व आकर्षक रूप दिया गया है। मेले में जलपरी शो, बड़ी नाव, जादुई शो के साथ-साथ विभिन्न राज्यों से आए हस्तशिल्प और आकर्षक दुकानों की कतारें लगाई गई हैं, जहाँ लोग सपरिवार आनंद ले सकते हैं।वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता अविनाश यादव ने मेले में आने वाले लोगों से स्वयं सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने बच्चों और कीमती सामानों की सुरक्षा के प्रति सजग रहें तथा अपने दोपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें ताकि चोरी या जाम की समस्या से बचा जा सके।इस अवसर पर भाजपा नेत्री प्राची चौधरी, निधि गुप्ता, मधु देवी, रामभक्त सेवा दल के जिला अध्यक्ष रतन भगत, मनोज सिंह, मेला समिति के तन्मय त्रिवेदी, जयंत रजक, विष्णु यादव सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।






