Search

September 24, 2026 12:39 pm

स्पीकर के ट्वीट पर प्रशासन हरकत में, टीबी मरीज रीता को अस्पताल में भर्ती कर शुरू हुआ विशेष उपचार।

पाकुड़। झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए ट्वीट के बाद जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने पाकुड़िया प्रखंड के मोहनपुर फुलझिंझरी गांव पहुंचकर टीबी से पीड़ित रीता सुहागिनी हेम्ब्रम की स्थिति का जायजा लिया और इलाज से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया तेज कर दी।
जांच में पाया गया कि 25 वर्षीय रीता सुहागिनी हेम्ब्रम पल्मोनरी टीबी से पीड़ित हैं और उनका इलाज 20 मई से चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़िया में भर्ती कर समुचित उपचार शुरू कर दिया है। मरीज को टीबी पोषण किट भी उपलब्ध कराई गई है तथा चिकित्सकीय निगरानी में नियमित इलाज जारी है।
प्रशासनिक जांच में यह भी सामने आया कि परिवार को राशन कार्ड के माध्यम से नियमित खाद्यान्न मिल रहा है। रीता को पूर्व में मईया सम्मान योजना का लाभ मिला था, लेकिन हाल के महीनों में राशि नहीं मिलने की शिकायत पर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मरीज की विधवा मां को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिल रहा है। वहीं परिवार को पात्रता के आधार पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर आवास योजना से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने परिवार को अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी पहल शुरू कर दी है। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि मरीज के उपचार, पोषण, सामाजिक सुरक्षा और अन्य सहायता की नियमित निगरानी की जाए तथा सभी पात्र लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

img 20260604 wa00276433545457963721776

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!