सड़ा-गला शव मिलने के बाद एसआईटी ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर किया खुलासा, हत्या में प्रयुक्त पत्थर बरामद।
पाकुड़। लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के सिमलौंग ओपी अंतर्गत बड़ा चटकम जंगल में मिले अज्ञात शव मामले का पाकुड़ पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है तथा उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार 28 मई को बड़ा चटकम गांव के जंगल में एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मामले में सिमलौंग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पाकुड़ के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान शव की पहचान गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के राजाभीठा गांव निवासी 35 वर्षीय सुनील पहाड़िया के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने मानवीय, तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बड़ा चटकम गांव निवासी जलिया पहाड़िया (28) और धर्मा पहाड़िया (30) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव, पुलिस निरीक्षक बाबूराम भगत, सिमलौंग ओपी थाना प्रभारी बलवंत दुबे, एसआई दिलीप बास्की सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








