प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चला रही आशा पायल फाउंडेशन ने बुधवार को सोनाधनी पंचायत के नरची गांव की नवविवाहिता बामनी पहाड़ीन को उपहार स्वरूप विदाई सामग्री प्रदान की। बामनी पहाड़ीन, दरमा पहाड़िया की पुत्री हैं, जिनका विवाह 10 जून को संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान पंचायत की मुखिया रवीना मालतो ने नवविवाहिता को ट्रंक, तोषक, कंबल, बेडशीट, तकिया, चुनरी, स्टील बर्तन सेट, वर-वधू के वस्त्र एवं श्रृंगार सामग्री भेंट कर सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। मौके पर संस्था के गोड्डा जिला प्रबंधक दीपक कुमार सिंह, पाकुड़ जिला प्रबंधक संजीव कुमार मंडल, प्रखंड कार्यकर्ता शंभू पंडित, पंचायत कार्यकर्ता गुमीद मालतो, विनोद मालतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। संस्था के बिहार-झारखंड प्रभारी जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि आशा पायल फाउंडेशन विवाह योग्य जरूरतमंद कन्याओं को विदाई सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ निरंतर जनजागरण अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि समाज की सहभागिता से ही इन कुरीतियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
संस्था की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए इसे सामाजिक जागरूकता और जरूरतमंद परिवारों के सहयोग की दिशा में सराहनीय कदम बताया।






