मुख्य सड़क पर बढ़ते हाइवा परिचालन से ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन से लगाई सुरक्षा की गुहार।
महेशपुर-अमरापड़ा मुख्य सड़क पर नंदनपाड़ा गांव के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ा टोटो क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। जानकारी के अनुसार, टोटो चालक रमेश मुर्मू ने अपना टोटो सड़क किनारे खड़ा किया था। इसी दौरान महेशपुर की ओर से अमड़ापाड़ा जा रहे एक हाइवा चालक ने ओवरटेक करने के दौरान लापरवाही बरतते हुए खड़े टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर मुआवजे की मांग शुरू कर दी और मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम लगने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया, जिसके बाद सड़क पर आवागमन सामान्य हो सका। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि महेशपुर-अमरापाड़ा सड़क पर इन दिनों हाइवा वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है। तेज गति से चलने वाले भारी वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आबादी वाले क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं और लापरवाह हाइवा चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।







