Search

June 10, 2026 9:49 pm

उपासना मरांडी ने संभाली SIR अभियान की कमान, हर बूथ तक पहुंचने का दिया सख्त संदेश।

12 जून की समीक्षा बैठक से पहले मतदाता मैपिंग पूरा करने का निर्देश, महेशपुर को आदर्श प्रखंड बनाने का आह्वान।

अब्दुल अंसारी

महेशपुर। झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी ने बुधवार को महेशपुर प्रखंड कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए प्रत्येक बूथ पर शत-प्रतिशत मतदाता मैपिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर नहीं रहना चाहिए और इसके लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर सत्यापन अभियान चलाना होगा। प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रखंड समिति, जिला पर्यवेक्षकों, पंचायत अध्यक्षों, सचिवों एवं बीएलए-2 ने भाग लिया। बैठक का मुख्य फोकस एसआईआर अभियान की प्रगति की समीक्षा और आगामी 12 जून को पाकुड़ में होने वाली समीक्षा बैठक की तैयारी रहा। उपासना मरांडी ने कहा कि झामुमो संगठन लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत और बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करने तथा छूटे हुए नामों को सूची में जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि महेशपुर प्रखंड को जिले में एक मॉडल प्रखंड के रूप में स्थापित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि 12 जून को झामुमो के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय पाकुड़ पहुंचकर एसआईआर कार्यों की समीक्षा करेंगे। ऐसे में सभी पंचायतों में मतदाता मैपिंग का कार्य निर्धारित समय के भीतर पूरा करना आवश्यक है। बैठक में जिला समिति द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों ने पंचायतवार कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी पदाधिकारियों को समयबद्ध ढंग से लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही तय किया गया कि पर्यवेक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखेंगे और किसी भी समस्या के समाधान के लिए बीएलए-2 के साथ सीधा समन्वय बनाए रखेंगे।
प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद ने कहा कि एसआईआर अभियान संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और सभी कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता के साथ इसमें जुटना होगा। बैठक में बड़ी संख्या में झामुमो पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, बीएलए-2 एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

img 20260610 wa0054888680251728323776
img 20260610 wa00537979125051830167655

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!