राजकुमार भगत
पाकुड़ नगर परिषद की वार्ड पार्षद निभा देवी ने रेल यात्रियों की सुविधा को लेकर हावड़ा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विशाल कपूर को पत्र भेजकर पाकुड़ स्टेशन परिसर से जुड़े मालगोदाम रोड पर एटीवीएम (ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) लगाने की मांग की है। वार्ड पार्षद ने अपने पत्र में कहा है कि मालगोदाम रोड स्थित दोनों फुट ओवरब्रिज के नीचे एटीवीएम लगाए जाने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। इससे टिकट लेने के लिए यात्रियों को लंबी दूरी तय कर स्टेशन काउंटर तक जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि एटीवीएम अधिष्ठापन को लेकर 30 दिसंबर 2025 को स्टेशन प्रबंधक पूर्व रेलवे पाकुड़ के नेतृत्व में पांच सदस्यीय रेल अधिकारियों की टीम ने स्थल निरीक्षण किया था। निरीक्षण में मुख्य टिकट निरीक्षक पूर्व रेलवे रामपुरहाट, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य), वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (दूरभाष) और वरिष्ठ विद्युत विभाग अभियंता सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।निरीक्षण के बाद इंजीनियरिंग, विद्युत और संचार विभाग की जरूरतों को लेकर संयुक्त जांच रिपोर्ट भी हावड़ा मंडल को 3 जनवरी 2026 को सौंप दी गई थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। पत्र में वार्ड पार्षद ने कहा कि एटीवीएम नहीं रहने से मालगोदाम रोड की ओर से आने-जाने वाले कई यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी होती है। कई बार समय के अभाव में यात्री बिना टिकट यात्रा करने को मजबूर हो जाते हैं, जिसके कारण उन्हें जुर्माना भी भरना पड़ता है।
बताते चलें कि इस मामले को लेकर ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन हावड़ा मंडल के अध्यक्ष हिसाबी राय और सचिव राणा शुक्ला ने भी 20 नवंबर 2025 को प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, पूर्व रेलवे कोलकाता को मांग पत्र सौंपा था। इसके बाद अधिकारियों ने पहल करते हुए स्थल निरीक्षण कराया था, लेकिन आगे की प्रक्रिया अभी लंबित है।










