राजकुमार भगत
पाकुड़। सदर प्रखंड के सोनाजोड़ी स्थित भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) पाकुड़ की ओर से आयोजित जेएसएलपीएस सखी मंडल की दीदियों के 12 दिवसीय बकरी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त 27 प्रशिक्षुओं को आरसेटी निदेशक राजेश कुमार मिश्रा, जेएसएलपीएस की जिला प्रबंधक ऋचा मिश्रा और वरिष्ठ संकाय सह कार्यक्रम समन्वयक अमित कुमार बर्धन ने संयुक्त रूप से प्रमाण पत्र प्रदान किया। मौके पर आरसेटी निदेशक राजेश कुमार मिश्रा ने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण का लाभ उठाकर स्वरोजगार शुरू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए महिलाओं का सशक्त होना जरूरी है। आरसेटी महिलाओं के आर्थिक विकास के लिए लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम चला रहा है और जरूरत पड़ने पर बैंक से ऋण उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा।
जेएसएलपीएस जिला प्रबंधक ऋचा मिश्रा ने महिलाओं के आर्थिक विकास में बकरी पालन के महत्व की जानकारी दी। वहीं अमित कुमार बर्धन ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को बकरी पालन के साथ-साथ प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने, बैंकिंग, बीमा और व्यवसाय संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षुओं का अगले दो वर्षों तक फॉलोअप किया जाएगा, ताकि स्वरोजगार शुरू करने में आने वाली समस्याओं का समाधान किया जा सके। कार्यक्रम का मूल्यांकन नेशनल एकेडमी ऑफ रुडसेटी के प्रतिनियुक्त अधिकारी अरुण नाथ तिवारी और शोभा रानी केसरी ने किया। इस अवसर पर संकाय बापी दास सहित अन्य लोग मौजूद थे। प्रशिक्षण का संचालन प्रशिक्षक अरविंद आरोही ने किया।












