पाकुड़िया प्रखंड के मोगलाबांध गांव में बरसात के दिनों में जल निकासी की समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है। गांव की मुख्य पीसीसी सड़क पर नाली नहीं होने के कारण बारिश का पानी और घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार दुर्गा मंदिर के समीप स्थिति सबसे अधिक खराब है, जहां बारिश के बाद लंबे समय तक पानी जमा रहता है। वकील पाल, राजकुमार पाल, दिलीप पाल समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पहले इस क्षेत्र में जलजमाव की समस्या नहीं थी, लेकिन डीएमएफटी फंड से पीसीसी सड़क निर्माण के बाद पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। नतीजतन सड़क और उसके किनारों पर लगातार पानी जमा रहने लगा है। करीब एक किलोमीटर लंबी इस सड़क के दोनों ओर नाली का अभाव है। इससे न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि जमा दूषित पानी से दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि हल्की बारिश के बाद भी सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क के दोनों किनारों पर ढक्कनयुक्त नाली निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों और सरकार की मौजूदगी के बावजूद बुनियादी सुविधाओं की यह स्थिति विकास कार्यों पर सवाल खड़े करती है।





