पाकुड़। जनगणना और एसआईआर कार्य को लेकर प्रशासन की सतर्कता के बीच सदर प्रखंड के नवरौतमपुर पंचायत अंतर्गत रामचंद्रपुर पहाड़िया टोला में रविवार को फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में ग्रामीणों ने एक कैफे संचालक को पकड़कर मुफ्फसिल थाना पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि तलवाड़ांगा में कैफे चलाने वाले हेमंत कुमार द्वारा पिछले कई महीनों से बड़ी संख्या में जन्म प्रमाण पत्र बनवाए गए हैं। इसके एवज में ग्रामीणों से दो हजार से लेकर दस हजार रुपये तक की राशि वसूली गई। ग्रामीणों को इस फर्जीवाड़े की जानकारी तब हुई, जब आधार केंद्र में जांच के दौरान कई जन्म प्रमाण पत्रों को फर्जी बताया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की पुष्टि के लिए हेमंत कुमार को दोबारा प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर बुलाया और पकड़ लिया। इसकी सूचना सदर अंचलाधिकारी अरविंद कुमार बेदिया को दी गई। सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच के बाद युवक को मुफ्फसिल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने राशि वापस कराने की मांग को लेकर पुलिस को कुछ देर रोकने का प्रयास किया, लेकिन समझाने-बुझाने के बाद पुलिस युवक को अपने साथ थाना ले गई। मामले को लेकर ग्रामीणों ने थाना में लिखित शिकायत देकर ठगी गई राशि वापस कराने की मांग की है। पूछताछ में हेमंत कुमार ने बताया कि वह खदानपाड़ा का रहने वाला है और उसका स्थायी आवास हिरणपुर प्रखंड के बक्सिसा में है। वह तलवाड़ांगा में कैफे संचालित करता है, जहां ऑनलाइन कार्य किया जाता है। उसने बताया कि जन्म प्रमाण पत्र बनाने का काम गोड्डा निवासी दीपक नामक युवक करता था और उसे जानकारी नहीं थी कि प्रमाण पत्र फर्जी हैं।
मामले को लेकर मुफ्फसिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि अंचलाधिकारी की सूचना पर युवक को हिरासत में लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








