पाकुड़। जिले में अनुकंपा नियुक्ति के तहत तीन परिवारों को नई उम्मीद मिली है। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र सौंपे। नियुक्ति मिलने के बाद तीनों अभ्यर्थियों के परिवारों में खुशी का माहौल है। अनुकंपा नियुक्ति समिति की अनुशंसा के आधार पर समाहरणालय, शिक्षा विभाग और समाहरणालय के विभिन्न पदों पर नियुक्ति दी गई है। समाहरणालय पाकुड़ में अल्फ्रेड सोरेन को निम्नवर्गीय लिपिक, शिक्षा विभाग में जीशान अहमद को लिपिक तथा समाहरणालय में सालफि आलम को अनुसेवक पद की जिम्मेदारी मिली है। नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी नव नियुक्त कर्मियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति सिर्फ नौकरी देने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि मुश्किल समय से गुजर रहे परिवारों को मजबूती देने की व्यवस्था है।
उन्होंने नव नियुक्त कर्मियों से ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करने की अपील करते हुए कहा कि सरकारी सेवा जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अपने कार्यों से विभाग और जिला प्रशासन की गरिमा को और मजबूत करने की जिम्मेदारी सभी कर्मियों की है।


Related Posts

चापाकल पर कब्जे का आरोप, पूर्व मुखिया के खिलाफ मुखिया ने खोला मोर्चा; पानी के लिए भटक रहे पत्थरघाटा के ग्रामीण




