पाकुड़। मलेरिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को पाकुड़िया थाना परिसर में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। सिविल सर्जन पाकुड़ के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में थाना के सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की मलेरिया जांच की गई।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. भरत भूषण भगत ने बताया कि जून माह को मलेरिया माह के रूप में मनाया जा रहा है। बरसात के मौसम में मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ने की संभावना रहती है, इसलिए सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस कर्मियों की जांच कराई गई। शिविर में थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो समेत सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने रक्त नमूना देकर जांच कराई। साथ ही उन्हें मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई और आम लोगों को भी जांच एवं सतर्कता के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम में एमपीडब्ल्यू मिशन सेख, अंकित हेम्ब्रम, रविन्द्र मुर्मू, एसटीएस विनोद टुडू, केटीएस संजय मुर्मू सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।






