जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 50 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, विजेताओं को मिला सम्मान
पाकुड़। अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं जिला ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में बैंक कॉलोनी स्टेडियम, पाकुड़ में जिला स्तरीय साइकिलिंग एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। साइकिलिंग प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अर्धेन्दु गांगुली एवं सचिव रणवीर सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग के कुल 50 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी गति, क्षमता और खेल भावना का परिचय दिया। अलग-अलग आयु वर्गों में आयोजित मुकाबलों में विजेता खिलाड़ियों का चयन किया गया। बालक अंडर-16 वर्ग में बिबेक दास प्रथम, सुदीप दास द्वितीय और राज गोराई तृतीय रहे। वहीं बालक अंडर-20 वर्ग में समीर अंसारी ने प्रथम, नज़मी शेख ने द्वितीय और बादल राज कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका अंडर-16 वर्ग में अंकिता मंडल प्रथम, रेयाक्षा प्रवीण द्वितीय और सौमी दुबे तृतीय रहीं। जबकि बालिका अंडर-20 वर्ग में सुधा कुमारी पासवान प्रथम, लक्ष्मी भगत द्वितीय और कल्याणी सरकार तृतीय स्थान पर रहीं।
समापन समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार एवं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र चौधरी ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देना और खेल के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाना है।










