प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। लिट्टीपाड़ा प्रखंड की बलरामपुर-जामपुर सड़क की बदहाल स्थिति ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। करीब एक किलोमीटर लंबी इस सड़क पर जगह-जगह बने बड़े गड्ढों ने आवागमन को मुश्किल और खतरनाक बना दिया है। सड़क से गुजरने वाले लोगों को हर दिन दुर्घटना की आशंका के बीच सफर करना पड़ रहा है। यह सड़क बलरामपुर सहित आसपास के कई गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ती है। हिरणपुर बाजार आने-जाने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, किसान, व्यवसायी और ग्रामीण इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। लेकिन जर्जर सड़क के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई स्थानों पर सड़क की परत पूरी तरह उखड़ चुकी है और गहरे गड्ढे बन गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान हालात और गंभीर हो जाते हैं। गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क दिखाई नहीं देती, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई वाहन चालक सड़क पर गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।






